02 September, 2017

बारिश का भोलापन हमें मर जाने से बचा लेता है

बारिश बहुत भोली है। इत्ति भोली कि अपने भोलेपन में बचा ले जाती है हमें कई बार। जैसे आप किसी ऊँची बिल्डिंग से नीचे कूद कर आत्महत्या करने वाले हों और कोई छोटा बच्चा आपसे पूछ दे कि आप क्या करने वाले हो। कैसे समझाएँगे एक पाँच साल के बच्चे को कि आप जान देना क्यूँ चाहते हैं। उसकी दुनिया के सवाल कितने सिम्पल हैं। ‘क्यूँ, आपको कोई प्यार नहीं करता?’। मरने के बाद क्या होगा? क्या मरे हुए लोगों से सब ज़्यादा प्यार करते हैं। कि उसे भी कोई प्यार नहीं करता। आपके जाने के बाद वो भी कूद के देखेगा कि क्या होगा। आप उसे समझाने की कोशिश करते हैं कि यहाँ से लौटना नहीं होगा, लेकिन उसे बहुत सी चीज़ें समझ नहीं आतीं। उसे समझाने के क्रम में आपको लगता है कि ज़िंदगी के सवाल उतने उलझे हुए नहीं हैं जितने आपको लगते थे।

सॉलिटेरी कन्फ़ायन्मेंट सिर्फ़ ईंट की दीवारों से नहीं होता। कभी कभी हम ख़ुद अपने इर्द गिर्द इतने रिश्तों की क़ब्रें बना लेते हैं कि उनकी भूलभुलैय्या से गुज़र कर कोई ज़िंदा आदमी हम तक नहीं पहुँचता कभी। बारिश भी नहीं।

***

पागलपन का कोई स्कूल नहीं होता। इसलिए कि पागलपन सबके लिए अलग अलग होता है। जो मेरे लिए पागलपन की सीमा पर है, वो किसी और के रोज़मर्रा के जीवन का यथार्थ हो सकता है। हमें अपने क़िस्म का पागलपन तलाशना चाहिए। कोई पागलपन ना ऐब्सलूट हो सकता है ना अंतिम। इसकी परिभाषा अस्थायी होती है। क्षणभंगुर। आज का पागलपन कल के लिए काफ़ी नहीं होता हो, ऐसा भी हो सकता है।

***

बारिश हमें बचा लेती है। या ईश्वर ही।
लड़की ने बहुत सी चिट्ठियाँ लिखी हैं अपने जीवन में। कॉलेज में दोस्तों के लिए बहुत प्रेम-पत्र लिखे। इन दिनों किरदारों के आख़िरी ख़त लिखा करती है। किरदारों के हिस्से की मौत जी कर वो अपने आप को बचा लेती है। लेकिन ये ख़ुशफ़हमी कब तक चलेगी? ऐसा तो नहीं कि मलकुल मौत नाराज़ हो रही है उससे? मौत अनुभव करने के लिए मरना पड़ता है, या क़त्ल करना पड़ता है। मौत को काग़ज़ पसंद नहीं।
वो चाहती तो कई सारी चिट्ठियों में अपने पसंद की कोई चिट्ठी चुन सकती थी, बस आख़िर में अपना नाम ही तो लिखना था। सारे ख़त उसने ही तो लिखे थे। मुहब्बत से लबरेज़। ज़िंदगी के प्रति अफ़सोस और उम्मीद से भरे हुए। लेकिन पहली बार लड़की को महसूस हुआ कि ज़िंदगी की तरह ही मौत भी अनूठी होती है। किसी एक की मौत को दूसरे के नाम नहीं लिखा जा सकता, ना ही उसकी आख़िरी चिट्ठी पर अपना नाम लिखा जा सकता है। लड़की के लिखे किरदार उस लड़की से कहीं ज़्यादा ज़िंदा थे।

***
लड़की उस कमरे को क़िस्साघर कहती थी। जानते हो क्यूँ? क्यूँकि घर तो कहीं था ही नहीं, कहानियों के सिवा। सब कुछ तो वो ही रचती जाती थी कहानी में। दोस्त, प्रेमी, दुश्मन, परिवार…माँ। अनाथ बच्चे। बाँझ औरतें। किलकरियाँ। कोहराम। लेकिन घर तो इंसानों से बनता है। प्रेम से बनता है। कल्पना से नहीं।

रातें ख़तरनाक होती हैं। लड़की जानती थी। हफ़्ते भर के इंतज़ार को चुपचाप जीती लड़की इतनी चुप हो जाती थी कि उसके किरदारों को डर लगता था कि वो मर जाएगी। लड़की को मालूम था, पहले उसके शब्द ख़त्म होंगे, तब वो ख़ुद। उसके किरदार उससे बहुत प्यार करते थे। वे उसके लिए कई तरह के शब्द खोज लाते। क़िस्से। कहानियाँ। कविताएँ।

कभी कभी सवाल भी। उससे मत पूछना कि रातें किसलिए होती हैं। वो नाउम्मीदी की नदी में डूबते उतराती जी रही है। तुम सुबह के उजास को उसकी स्याह आँखों में नहीं ढूँढ सकते। उसकी थरथराहट में और थकान में नहीं। उसके गीले और ठंढे बदन में नहीं। कहीं नहीं। कहीं नहीं। वो कह देगी तुम्हें। रातें मर जाने के लिए होती हैं।
उसकी ज़िंदगी बहुत सुंदर थी। सुंदर और उदास। तन्हा भी अक्सर। इसलिए उसे हर जगह उदासी दिख जाती थी। अमलतास में भी। कोई एक फूल पत्तों से छुपा लेता था ख़ुद को। हवा के दुलार को महसूस नहीं करना चाहता।

कोई अमलतास का पेड़ रात में पूरा फूल कर चीख़ना चाहता कि वसंत आ गया है। लेकिन लड़की के दिल का दुःख कम नहीं होता।

***

कोई नहीं जानता कि वे उसे इतना प्यार क्यूँ करते थे। सड़क। बारिश। पौधे। फूल। शायद हम हर मिट जाने वाली चीज़ के नाम कुछ ज़्यादा प्यार रखते हैं। कि चीज़ों की उम्र भले कम हो, प्रेम की कमी महसूस ना हो उसे कभी। लड़की ने एक छोटे से पीले रंग के पोस्ट इट पर इतना ही लिखा, ‘कि अगर मैं मर गयी तो ग़लती ईश्वर की है, उसने मुझे इस टूटे फूटे दिल के साथ बनाया’। ईश्वर उसकी शिकायत सुन रहा था। यूँ भी रात के साढ़े चार बजे अधिकतर लोग या तो सो रहे होते हैं या दारू पी कर इतने आउट कि कुछ भी माँगने का होश नहीं रहता।

लड़की हड़बड़ में निकल जाना चाहती थी। बहुत दूर। एनफ़ील्ड चलाना चाहती थी, बहुत तेज़। उदासी और तन्हाई का मेल जानलेवा हो सकता है। नय्यरा नूर गा रही थी। बस वो आवाज़ ही सच लग रही थी, बाक़ी किसी कहानी का हिस्सा। और लड़की को कहानी में मर जाने से डर नहीं लगता था।

सारी चीज़ें लेकिन उलट पलट थीं। उसने जो पैंट पहनी वो हल्की गीली थी। उसे बदल कर जीन्स पहनी। आख़िर में जैकेट पहना तो देखा वो भी थोड़ी थोड़ी गीली थी। कुछ दिन पहले जबकि एक टपकते हुए टेंट में रात भर गीले रहते हुए ठिठुर कर रात बितायी थी उसने, तब से उसे गीले कपड़े बिलकुल पसंद नहीं। वरना तो एक मिनट में वो घर से बाहर थी। दूसरी वाली जैकेटें बहुत तलाशने पर मिली नहीं। इतनी देर में उसका ध्यान बाक़ी चीज़ों पर जा रहा था। वो किसी से बात करना चाहती थी। किसी से भी। इस वक़्त तो कोई जगा नहीं होता है इस देश में। हाँ, दूसरे देश में था कोई। लेकिन उससे कहती क्या। मुझसे थोड़ी देर बात कर लो। रात जानलेवा है और मेरे इरादे ख़तरनाक होते जा रहे हैं। किसी से बात करनी की इच्छा होना कोई गुनाह तो नहीं है। लेकिन मेसेज का कोई रिप्लाई नहीं आया।

कहानी से बाहर जाने को तेज़ रफ़्तार चाहिए कि ज़िंदगी में वापस लौटा जा सके। ऐसी तेज़ रफ़्तार सिर्फ़ एनफ़ील्ड की होती है। ५००सीसी का इंजन। टॉर्क क्या था इसका, सो याद नहीं आ रहा। चुभ रहा था कहीं। हेल्मट में भी दो चोटियाँ चुभ रही थीं। लड़की ने आधी रात को सोचा था, अब कहीं जाना नहीं है, और नींद आ रही थी, तो चोटियाँ गूँथ लीं। हेल्मट ठीक से फ़िट होना ज़रूरी है, वरना कोई फ़ायदा नहीं। लड़की ने एक एक करके अपनी दोनों चोटियाँ खोलीं। वो जानती थी, ईश्वर उसके साथ गेम खेल रहा है। कि ईश्वर को लगता है थोड़ी देर में वो बाहर जाने का प्रोग्राम भूल जाएगी।

लेकिन लड़की घर में नहीं रहना चाहती थी। अकेले नहीं।

उसने बूट्स पहने। घड़ी पहनी, गाड़ी के काग़ज़ात लिए। नीचे पहुँची तो देखती है बिल्डिंग की पानी की टंकी से पूरा पूरा पानी बाहर आ रहा है और बेसमेंट पूरा नदी बन चुका है। लड़की जान रही थी ईश्वर सिर्फ़ देर करना चाह रहा है। उसने दरबान को उठाया और कहा कि टंकी का पानी बंद करे। एनफ़ील्ड ठीक अपर्टमेंट से बाहर निकलने ही वाली थी कि लड़की ने देखा कि बारिश शुरू हो गयी है। रात की बारिश के साथ दिक़्क़त ये है कि आप इसे आते हुए नहीं देख सकते। ऐसे में कहीं दूर जाना नामुमकिन था। लड़की मुस्कुरायी। ये प्रकृति का कहने का तरीक़ा था कि वो लड़की से प्यार करती है। बहुत।
भोली बारिश लड़की के साथ साथ एनफ़ील्ड पर चलती रही। उसकी जान की चिंता में लड़की ने एनफ़ील्ड बिलकुल भी तेज़ नहीं चलायी। हेल्मट के विजर के कारण बहुत कम बारिश लड़की के चेहरे तक पहुँच पा रही थी पर पूरा बदन भीग रहा था। पूरा शहर भी। सड़कें सुनसान थीं। कभी कभी एक आध गाड़ी दिख जाती थी। लड़की को ऐसा लग रहा था वो किसी छोड़े हुए शहर में आ गयी है। किसी एक शहर में उसे अकेला छोड़ दिया गया है। खुली सड़कों पर के लैम्पपोस्ट से पीली रोशनी नाचते हुए गिर रही थी। खुली सड़कों पर। मुहल्ले में। लड़की देर तक एनफ़ील्ड चलती रही। बारिश का शोर और एनफ़ील्ड की डुगडुगडुग। इस लम्हे वो कुछ और नहीं सोच रही थी। वो सिर्फ़ एक राइडर थी। बस।

बारिश का मीठा पानी होठों तक आ गया था। होंठों को भींच कर लड़की ने महसूसा कि पानी का स्वाद दुनिया में कहीं भी एक जैसा नहीं होता। बारिश में भी नहीं। वो काफ़ी देर घूमती रही लेकिन बारिश ज़िद्दी थी। लड़की उससे खुले में लड़ाई नहीं लड़ना चाहती थी। गुलमोहर के पेड़ों के नीचे बारिश और लड़की बराबर से हैं। लौट आने के पहले उसने लैंप - पोस्ट के नीचे एनफ़ील्ड खड़ी की और जैसे कोई बिछड़ते हुए महबूब की तस्वीर लेता है, बारिश में भीगे रूद्र की तस्वीर उतार ली।

कमरे पर लौट कर उसने किरदार बदले। कपड़े भी। एक कप चाय बनायी। दुनिया में कितनी उदासी है, अगर आँखों में पानी भरा हो तो। एक कप चाय कितनी अकेली होती है बारिश वाली रात किसी ख़ूबसूरत लड़की की स्टडी टेबल पर।

उसे पुराने क़िस्से याद आए जो वो लड़का सुनाया करता था जिसे वो दुनिया में सबसे ज़्यादा प्यार करती है। रामकृष्ण परमहंस को गुलाबजामुन बहुत पसंद थे। विवेकानंद ने पूछा एक बार। कि आपने तो दुनिया की हर इच्छा पर विजय पा ली है फिर ये गलबजमुन के प्रति इतना मोह। तो परमहंस ने बताया, माया की इस दुनिया में रहने के लिए किसी ना किसी चीज़ से जुड़ाव होना ज़रूरी है, चाहे वो कोई एक छोटी चीज़ ही क्यूँ ना हो। ये इतना सा मोह उन्हें धरती से बांधे रखता है।

पिछले कई सालों से लड़की को सिर्फ एक ही चीज़ से मोह रहा था। इक वो साँवला सा लड़का जिसके बड़े ख़ूबसूरत डिम्पल पड़ते थे। टौल, डार्क, हैंडसम - उसका हमसफ़र। लड़की को हमेशा लगता है कि सिर्फ़ यही मोह है जो उसे दुनिया से जोड़े रखता है। मगर लड़की ने कभी ना अपना हक़ माँगा ना कोई ज़िद की…समझदार होने के अपने खमियाजे होते हैं। लड़की कहना चाहती बहुत सी चीज़ें लेकिन उसके पास शब्द सिर जंग लगे हुए बचे थे। इन खुरदरे शब्दों से मौत की तारीफ़ कैसे करती। उसके पास कुछ छोटी छोटी शिकायतें थीं। बहुत ही छोटीं। लेकिन ये सवाल पूछने का हक़ किसी को नहीं था।
***

तुमसे कोई जवाब नहीं माँगेगा कि तुम मुझे तन्हा छोड़ कर क्यूँ जाते रहे।
और यही बात एक दिन तुम्हें बहुत सालेगी।

***
लेकिन वो चाहती है कि दुनिया में कोई उपाय हो तो ये एक रात कोई उसे लौटा दे। कि ये रात जो उसने ये सोचने में बितायी थी कि उसे मर जाना चाहिए।

6 comments:

  1. "दुनिया में कितनी उदासी है, अगर आँखों में पानी भरा हो तो।"

    ReplyDelete
  2. आपकी इस पोस्ट को आज की बुलेटिन ’नीरजा - हीरोइन ऑफ हाईजैक और ब्लॉग बुलेटिन’ में शामिल किया गया है.... आपके सादर संज्ञान की प्रतीक्षा रहेगी..... आभार...

    ReplyDelete
    Replies
    1. इन ब्लॉग बुलेटिंस में सिर्फ़ ब्लॉग का लिंक देने के बजाए अगर थोड़ा सा उस पोस्ट के बारे में भी लिखा जाए तो वहाँ जा के पढ़ने की उत्सुकता रहेगी। लिंक की लिस्ट में कुछ भी पता नहीं चलता कि पोस्ट में क्या होगा।

      Delete
  3. ये जो इतना सा मोह है, वो बना रहे. आमीन.

    ReplyDelete

Related posts

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...